वाराणसी, जून 20 -- पिंडरा (वाराणसी), संवाद। फूलपुर थाने के बगल में शुक्रवार सुबह 10:30 बजे मालवाहक और बाइक में सीधी टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार की एक आंख बाहर आ गई। पिंडरा विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने निजी वाहन से उसे अस्पताल भेजा। उसका उपचार बीएचयू ट्रामा सेंटर में चल रहा है। पिंडरा ग्राम सभा के जदवातारा निवासी 24 वर्षीय आशीष उर्फ रिंकू गौतम बाइक से फूलपुर की तरफ जा रहा था। तभी सामने से आ रहे मालवाहक अनियंत्रित होकर बाइक से जा भिड़ा। बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा और सिर में गंभीर चोट लगने के साथ ही एक आंख निकल आई। पीछे से आ रहे विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने उसे निजी वाहन से तत्काल पीएचसी भेजा। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। मालवाहक पर हरी लकड़ियां लदी थीं। चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने वाहन और लकड़ी जब्त कर ली...