लखनऊ, अक्टूबर 10 -- 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने शनिवार को आरक्षण की विसंगति दूर करने की मांग को लेकर कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद के आवास का घेराव किया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने भर्ती प्रक्रिया में कथित विसंगतियों को दूर कर परिणाम संशोधित करने की मांग उठाई। इस दौरान निषाद चाचा बाहर आओ के नारे लगाए गए। मंत्री डॉ. संजय निषाद ने अभ्यर्थियों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह इस मामले में मुख्यमंत्री को पत्र लिखेंगे और उनसे चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। मंत्री ने कहा कि अभ्यर्थियों का दर्द उनका दर्द है। मंत्री से मुलाकात और आश्वासन के बाद अभ्यर्थियों ने धरना समाप्त कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...