औरंगाबाद, मार्च 15 -- ओबरा थाना क्षेत्र के तेजपुरा पंचायत स्थित मझियावां गांव में शनिवार की रात शादी समारोह के दौरान हुए दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। द्वार पूजा के समय एक मकान का छज्जा गिरने से दो अधेड़ों की मौत और तीन दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की घटना के बाद पूरा गांव शोक में डूब गया। चारों ओर अफरा-तफरी और चीख-पुकार के बीच भी सामाजिक परंपरा निभाते हुए किसी तरह दुल्हन अंजली कुमारी का सिंदूरदान कराकर उसकी विदाई कर दी गई। बताया जाता है कि गोह थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव से बारात मझियावां गांव निवासी व्यास यादव के घर आई थी। द्वार पूजा की तैयारी के दौरान बारात देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पास के एक मकान के छज्जे पर खड़े हो गए थे। भीड़ अधिक होने के कारण छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे कई लोग मलबे के नीचे दब गए। ...