रामपुर, फरवरी 25 -- शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती व उनके शिष्यों के विरुद्ध दर्ज एफआईआर की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग को लेकर बुधवार को कांग्रेसी डीएम से मिले प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम अजय कुमार द्विवेदी को सौंपा। कांग्रेसियों ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश सरकार द्वारा असहमति के स्वर को दबाने तथा आलोचनात्मक विचार रखने वाले व्यक्तियों को प्रताड़ित किए जाने की प्रवृत्ति निरंतर सामने आ रही है। जो भी व्यक्ति सरकार को उचित सुझाव देता है अथवा जनहित में अपनी बात मुखर रूप से रखता है, उसे विभिन्न माध्यमों से परेशान किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में सनातन परंपरा के प्रतिष्ठित आध्यात्मिक पीठ ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती एवं उनके शिष्यों के साथ घटित घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं। ...