शाहजहांपुर, अक्टूबर 4 -- मिर्जापुर। रामगंगा नदी में लगातार बढ़ते जलस्तर ने तटवर्ती क्षेत्रों में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नदी के तेज बहाव और बाढ़ के पानी से हजारों बीघा धान व सब्जियों की फसलें जलमग्न हो गई हैं। खेत-खलिहानों में पानी भरने से किसानों के सामने फसल बर्बादी का संकट खड़ा हो गया है। वहीं, संपर्क मार्गों पर पानी के तेज बहाव से कटान होने के कारण आवागमन भी प्रभावित है। कई स्थानों पर ग्रामीण जान जोखिम में डालकर बाढ़ के पानी के बीच से निकलने को मजबूर हैं। मिर्जापुर क्षेत्र से होकर गुजर रही रामगंगा नदी की बाढ़ से खादर क्षेत्र के तटवर्ती इलाकों सहित अनेक गांवों में हालात बिगड़ गए हैं। तारापुर, देवनगर, कुंडरी, बीघापुर, मौजमपुर और पहरूआ समेत कई गांवों को ब्लॉक मुख्यालय से जोड़ने वाले संपर्क मार्गों पर बाढ़ का पानी लगातार बह रहा है...