शाहजहांपुर, मार्च 7 -- खुदागंज कस्बे में होली मनाने की परंपरा पूरे क्षेत्र से अलग है। यहां होली के दिन रंग खेलने की बजाय पांचवें दिन रंग पंचमी पर जमकर होली खेली जाती है। इस वर्ष भी रविवार 8 मार्च को कस्बे में रंग पंचमी का आयोजन होगा, जिसमें परंपरा के अनुसार लाट साहब का जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस में एक व्यक्ति को लाट साहब बनाकर गधे पर बैठाया जाता है और पूरे कस्बे में घुमाया जाता है। तिलहर तहसील मुख्यालय से करीब 26 किलोमीटर दूर स्थित खुदागंज का यह आयोजन वर्षों से चला आ रहा है। यहां होली के दिन कस्बे में सामान्य गतिविधियां रहती हैं और लोग रंग खेलने से परहेज करते हैं। इसके विपरीत पांचवें दिन रंग पंचमी पर पूरा कस्बा रंग और गुलाल से सराबोर हो जाता है। सभी जाति और धर्म के लोग इस आयोजन में शामिल होकर एक-दूसरे को रंग लगाते हैं और त्योहार मनाते हैं...