हाथरस, फरवरी 27 -- मुरसान। मुरसान में रंगभरनी एकादशी पर होली पर्व का आगाज हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार दोपहर शहर के दाऊजी मंदिर से एक शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा दाऊजी भगवान मंदिर से शुरू होकर शहर के विभिन्न बाजारों से होते घूरेमल की बगीची पर पहुंची। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु होली के रंगों में सराबोर होकर भजन और रसिया गा रहे थे। आज बिरज में होली रे रसिया और 'मेरी चुनरी में लग गयो दाग री, ऐसो चटक रंग डारो' जैसे गीतों पर लोग झूम रहे थे। शोभायात्रा में कई झांकियां भी शामिल थीं। पूरे रास्ते में जगह जगह शोभायात्रा का स्वागत किया गया। इस दौरान फूलों की वर्षा की गई और लोगों ने रंग-गुलाल उड़ाया। पूरा माहौल होली की मस्ती में डूबा हुआ था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...