गढ़वा, मार्च 14 -- कांडी। थानांतर्गत बरवाडीह टोला में शनिवार को सोन नदी के किनारे से 36 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान बरवाडीह निवासी प्रयाग राम के पुत्र कौशल कुमार पासवान उर्फ उदल पासवान के रूप में की गई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कौशल 12 मार्च को घर से खाना खाकर निकला था। देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की और सगे-संबंधियों के यहां भी पता लगाया, पर उसका कुछ पता नहीं चला। शनिवार दोपहर को बरवाडीह स्कूल के समीप सोन नदी किनारे गए चरवाहों ने एक शव देखा। उसकी सूचना पुलिस को मिलने पर मौके पर पहुंच पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...