मथुरा, मई 14 -- थाना जैंत के अंतर्गत मानवेन्द्र नगर में मामूली कहासुनी को लेकर नामजदों ने युवक को बेरहमी से मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस पीड़ित पिता की तहरीर पर चार नामजद व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। मानवेन्द्र नगर, जैंत निवासी दिगम्बर सिंह ने थाने में दी तहरीर में अवगत कराया कि 11 मई को उनके बेटे रवि कुमार के साथ कॉलोनी निवासी अमरचन्द, सागर, मन्नू और नवीन ने कुछ अज्ञात लोगों के साथ घर आकर गाली गलौज की। इसका विरोध करने पर नामजदों ने बेटे को लात घूंसे, डंडे आदि से बुरी तरह से मारपीट कर घायल कर दिया। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों को आता देख नामजद जान से मारने की धमकी देते हुए चले गये। पीड़ित अपने घायल बेटे को थाने लेकर पहुंचा। पुलिस मेडिकल कराकर तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश कर रही है।...