बिजनौर, मई 28 -- धामपुर। गांव मनकुआ में गुलदार की बढ़ती गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। होमगार्ड विभाग में कार्यरत अलका चौहान, इन्द्रपाल सिंह, सोनू, विपिन और दीपक ने बताया कि रात के समय गांव के आसपास गुलदार लगातार दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों के अनुसार उनके घरों के पीछे स्थित तालाब के पास गुलदार कई बार घूमता देखा गया है, जिसके चलते लोगों ने रात में बाहर निकलना कम कर दिया है। गुलदार अब तक एक कुत्ते और एक बंदर पर हमला कर चुका है, जिससे गांव में भय और बढ़ गया है। बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग अधिकारियों से गांव में गश्त बढ़ाने, पिंजरा लगाने और गुलदार को जल्द पकड़ने की मांग की है। उधर रेंजर शशांक गुप्ता का कहना है कि मौके पर टीम भेज कर जांच कराई जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति...