गुड़गांव, मार्च 28 -- गुरुग्राम, वरिष्ठ संवाददाता। खेड़कीमाजरा गांव में शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां किराये के मकान में भोजन बनाते समय पांच किलो वाला छोटा गैस सिलेंडर अचानक फट गया। इसकी चपेट में आने से कमरे में मौजूद पांच प्रवासी श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तुरंत गुरुग्राम के नागरिक अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दिल्ली एम्स के लिए रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बिहार के रहने वाले छह श्रमिक खेड़कीमाजरा गांव में बिट्टू नामक व्यक्ति के मकान में किराये पर कमरा लेकर रहते हैं। यह सभी आसपास के इलाकों में मजदूरी कर अपना गुजारा करते हैं। शुक्रवार रात करीब नौ बजे छह में से सूरज नामक युवक बाहर से आटा लेने के लिए गया हुआ था। बाकी पांच श्रमिक कमरे में छोटे सिलेंडर पर रात का खाना बना रहे थे...