आगरा, मई 14 -- भीषण गर्मी के बीच गोवंश को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने गुरुवार को नराइच स्थित कान्हा गोशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोशाला में रह रहे गोवंश के लिए पेयजल, छायादार व्यवस्था, चारे की उपलब्धता तथा साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार भी साथ मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि बढ़ते तापमान को देखते हुए गोवंश के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि गोशाला परिसर में पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध रहे तथा पानी की टंकियों और कुंडों की नियमित सफाई कराई जाए। इसके अलावा गोवंश को गर्मी से राहत देने के लिए छायादार स्थानों की समुचित व्यवस्...