गिरडीह, मई 1 -- गावां, प्रतिनिधि। गावां थाना पुलिस ने अपने परिजनों से बिछड़े पांच नाबालिग बच्चों को सुरक्षित उनके परिवारों को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार, जमुई (बिहार) क्षेत्र से कुछ लोग अपने परिवार के साथ प्रखंड के एक ईंट-भट्ठे में काम करने आए थे। गुरुवार को बच्चे धूप में खेल रहे थे, जिस पर परिजनों ने उन्हें डांट दिया। इसके बाद पांचों बच्चे वहां से निकलकर गावां बाजार पहुंच गए और इधर-उधर भटकने लगे। उधर बच्चों के गायब होने से परिजन परेशान हो गए। इसी दौरान गावां थाना पुलिस की नजर भटक रहे बच्चों पर पड़ी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी बच्चों को अपने संरक्षण में लिया और खोजबीन कर उन्हें उनके परिजनों से मिला दिया। इस पहल से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा ...