निज संवाददाता, जुलाई 15 -- बिहार के अरवल जिले में एक अधेड़ की हाजत में हुई मौत के बाद बवाल मच गया। हालत यह हो गई कि जब आक्रोशित परिजन थाने में पहुंचे तो थाने के पुलिसकर्मी भाग खड़े हुए। अब इस मामले में थानेदार पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि शराब के नशे में पकड़े गए एक अधेड़ की अरवल उत्पाद थाने की हाजत में मंगलवार को मौत हो गई। मृतक 50 वर्षीय अनिल कुमार उर्फ टुनटुन कुमार सदर थाना क्षेत्र के हैबतपुर गांव का रहने वाला था। सोमवार की रात उत्पाद विभाग की टीम ने हैबतपुर गांव से शराब पीने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। तीनों को उत्पाद थाने लाकर हाजत में रखा था। इधर, परिजनों ने उत्पाद पुलिस पर पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाना परिसर में जमकर हंगामा किया। परिजन घंटों शव के साथ उत्पाद थाना परिसर में डटे रहे...