बहराइच, मार्च 23 -- बहराइच। सीएमओ डॉ. संजय कुमार शर्मा ने सोमवार की देर शाम तीन प्राइवेट हॉस्पिटल में छापेमारी की। इस दौरान बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे एक अस्पताल को सील कर दिया। जबकि दो अस्पताल संचालक बंद कर फरार हो गए। उन्हें नोटिस दी गई है। सीएमओ ने बताया कि शहर के डिगिहा तिराहा स्थित केयर अस्पताल में छापेमारी से पहले ही अस्पताल संचालक शटर बंद कर फरार हो गए। इस पर नोटिस चस्पा की गई है। बाईपास रोड रामगांव झिंगाघाट स्थित श्रेया अस्पताल को सील कर दिया गया है। इसके अलावा राम गांव नवादा में एक पाली क्लीनिक संचालक भी शटर बंद कर फरार हो गया। इस पर टीम ने अस्पताल में नोटिस चस्पा कर दी है। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...