हरदोई, जून 27 -- सांडी, संवाददाता। गंगा और गर्रा नदी से अवैध बालू खनन कर परिवहन किए जाने की सूचना पर शनिवार शाम एसडीएम अंकित तिवारी ने बरण्डारी गांव के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए बालू से लदे चार डंपरों को रोक लिया। जांच के दौरान दो डंपरों के चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि दो अन्य डंपरों के दस्तावेजों की जांच की गई। एसडीएम ने बताया कि जिन दो डंपरों के चालकों के पास बालू परिवहन से संबंधित वैध प्रपत्र नहीं मिले, उन्हें पुलिस की सुपुर्दगी में देकर सीज कर दिया गया है। वहीं, मौके से भागे दो डंपरों के संबंध में जांच जारी है। प्रशासन को लगातार शिकायत मिल रही थी कि गंगा के कुसुमखोर क्षेत्र और गर्रा नदी से अवैध रूप से बालू का खनन कर डंपरों के जरिए सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई से खनन माफिया में हड़कंप मच गया है।...