गया, अक्टूबर 6 -- पितृपक्ष मेले के बीच मंगलवार सुबह विष्णुपद मंदिर स्थित देवघाट पर नगर निगम के मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने विधि-विधान से पितरों का तर्पण किया। पुरोहित के मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने पूर्वजों की मोक्ष की कामना की। तर्पण के बाद गरीब व जरूरतमंद लोगों को भोजन कराया और दान-पुण्य किया। मेयर ने कहा कि गयाजी पितरों के प्रति आस्था और श्रद्धा का संगम है। फल्गु तट पर तर्पण और विष्णुपद में पिंडदान की परंपरा का विशेष धार्मिक महत्व है। उन्होंने कहा कि पितृपक्ष में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देना नगर निगम की प्राथमिकता है। सफाई, पेयजल, प्रकाश समेत अन्य व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...