प्रयागराज, मार्च 18 -- शहर में रेलवे का ढांचा और भविष्य में कनेक्टिविटी को लेकर लोकसभा में एक बार फिर अहम चर्चा देखने को मिली। फूलपुर से सांसद प्रवीण पटेल ने नई दिल्ली से वाराणसी तक प्रस्तावित बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में प्रयागराज को शामिल करने की मांग उठाई। सांसद ने सदन में कहा कि प्रयागराज धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण शहर है। ऐसे में यदि हाई स्पीड रेल कॉरिडोर को यहां से जोड़ा जाता है, तो न सिर्फ यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी बल्कि कुम्भ जैसे वैश्विक आयोजनों के दौरान आवागमन और भी सुगम हो सकेगा। उन्होंने यह भी मुद्दा उठाया कि शहर में अलग-अलग रेलवे जोनों में बंटे स्टेशनों जैसे प्रयागराज संगम, प्रयाग, फाफामऊ, रामबाग और झूंसी को एक ही जोन, यानी उत्तर मध्य रेलवे में शामिल किया जाए, ताकि संचालन और समन्वय बेहतर हो सके...