जौनपुर, अप्रैल 27 -- मुंगराबादशाहपुर, हिन्दुस्तान संवाद। उप्र सरकार के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह मुन्ना के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए राज्यसभा में कांग्रेस के उपनेता प्रमोद तिवारी रविवार शाम उनके पैतृक गांव रामनगर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मुन्ना सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। प्रमोद तिवारी ने कहा कि अरुण कुमार सिंह मुन्ना छात्र जीवन से ही बहुमुखी प्रतिभा और स्पष्टवादी व्यक्तित्व के धनी थे। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्हें छात्रसंघ का नेतृत्व मिला था। उन्होंने कहा कि मंत्री रहते हुए मुन्ना सिंह ने बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग के लिए कार्य किया। इस मौके पर कांग्रेस के प...