रामपुर, जनवरी 3 -- नगर में स्वार-काशीपुर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को साप्ताहिक बाजार में खरीदारी करने आई एक महिला के साथ उसकी दो वर्षीय मासूम बच्ची भी घर से निकल आई। भीड़भाड़ के चलते महिला को बच्ची के साथ न होने का आभास नहीं हो सका। इसी दौरान बच्ची बाजार में इधर-उधर भटकने लगी। अकेली बच्ची को घूमते देख एक राहगीर ने उससे काफी देर तक पूछताछ करने का प्रयास किया लेकिन बच्ची के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद युवक बच्ची को लेकर चौकी पहुंच गया। चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने तत्काल बच्ची की पहचान कराने के प्रयास शुरू किए। इसी बीच बच्ची के परिजन उसे तलाशते हुए चौकी पहुंच गए। बच्ची को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने बच्ची को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्...