देहरादून, मार्च 25 -- समान काम-समान वेतन और साल भर रोजगार देने की मांग को लेकर बुधवार को प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) जवानों ने मुख्यमंत्री आवास कूच किया। पुलिस ने हाथीबड़कला में बैरियर पर रोका तो काफी धक्का-मुक्की हुई। कई आक्रोशित जवान पहला बैरियर कूदकर आगे बढ़ गए जिन्हें पुलिस ने वापस खदेड़ा। इसके बाद न्यू कैंट रोड पर ही धरने पर बैठ गए। जिससे वहां करीब सवा पांच घंटे तक सड़क जाम हो गई। इससे राहगीरों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी। बुधवार दोपहर प्रदेश भर से आए एक हजार से अधिक पीआरडी जवान परेड ग्राउंड में जमा हुए। यहां से दोपहर करीब एक बजे सीएम आवास के लिए कूच शुरू किया। लगभग 1:20 बजे जब रैली हाथीबड़कला बैरियर पर पहुंची तो वहां पहले से लगे बैरियर पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस पर कई कर्मचारी पुलिस को चकमा देकर पहला बैरियर कूदकर दूसरे तक पहुंच गए।...