चतरा, मार्च 24 -- चतरा प्रतिनिधि। रामनवमी पर्व को लेकर चतरा पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है। पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को शहर के हृदय स्थली केशरी चौक पर पुलिस ने भव्य मॉकड्रिल का आयोजन किया। इस दौरान पुलिस बल ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने की अपनी तैयारियों का प्रदर्शन करते हुए उपद्रवियों को कड़ी चेतावनी दी। मॉकड्रिल के दौरान जवानों ने असामाजिक तत्वों की भूमिका निभा रही भीड़ को नियंत्रित करने का अभ्यास किया। स्थिति को काबू में करने के लिए वाटर कैनन और रबर बुलेट के प्रयोग का भी प्रदर्शन किया गया। इस अभ्यास के माध्यम से आम लोगों को यह संदेश दिया गया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है, और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।...