उत्तरकाशी, दिसम्बर 12 -- रवांई घाटी के 65 गांव के आराध्य रुद्रेश्वर महादेव के तियां थान में चल रहे रुद्री पाठ अनुष्ठान शुक्रवार को हवन पूजन के साथ विधिवत रूप से संपन्न हो गया। अनुष्ठान के अंतिम दिन ग्रामीणों के द्वारा विशाल भंडारा आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र भर के ग्रामीणों ने बढ़चढ़कर प्रतिभाग किया। मालूम हो कि रुद्रेश्वर महादेव रवांई घाटी के 65गांव के आराध्य देव हैं और तियां,बजलाडी़,कंडाऊ, देवलसारी चार थान हैं, जिसमें रूद्रेश्वर महादेव बारी बारी से एक एक वर्ष प्रत्येक थान में विराजते हैं। रुद्रेश्वर महादेव के तियां थान में विराजमान होने की एक मुख्य विशेषता है, जिसमें कि ग्रामीणों के द्वारा चौथे वर्ष रुद्री पाठ अनुष्ठान किया जाता जिसमें चार ब्राह्मण और माली पुजारी शामिल रहते हैं, जो वेद मंत्रोचारण के साथ तीन दिन तक अनुष्ठान करते हैं।...