बागपत, मई 14 -- इदरीशपुर गांव में मंगलवार को किसान मजदूर संगठन की पंचायत हुई, जिसमें किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की गई। पंचायत में संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अन्नु मलिक ने कहा कि वर्तमान सरकार किसानों के साथ छल कर रही है और भूमि अधिग्रहण के नाम पर किसानों की जमीन जबरन छीनी जा रही है। उन्होंने कहा कि खेकड़ा तहसील क्षेत्र के 12 गांवों की जमीन अधिग्रहण के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं, जबकि वहां का सर्किल रेट नहीं बढ़ाया गया और जमीनों के बैनामे बंद कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बाजार में जमीनों के दाम अधिक हैं, जबकि किसानों को मिलने वाला मुआवजा बेहद कम है। यह किसानों को भूमिहीन करने की साजिश है। अन्नु मलिक ने दो जून को बड़ौत तहसील में बड़ा आंदोलन करने का ऐलान किया। पंचायत का संचालन जिला प्रवक्ता परवेज अहमद न...