बेरूत, मार्च 20 -- रिपोर्टिंग के दौरान रशिया टीवी (RT) के पत्रकार स्टीव स्वीनी पर लेबनान में हुए इजरायली हमले से रूस भड़क गया है। शुक्रवार को रूसी विदेश मंत्रालय ने इजरायली राजदूत को समन भेजकर घटना का विरोध जताया। 'आरटी' के पत्रकार स्टीव गुरुवार को कैमरे पर लाइव रिपोर्टिंग कर रहे थे, तभी इजरायल ने हवाई हमला कर दिया। वह समय रहते हुए आसमान से आ रही मिसाइल को देख गए और वहां से हट गए, जिससे उनकी जान बच सकी। हालांकि, हमले में वे और कैमरामैन मामूली रूप से घायल हुए। इजरायली राजदूत ओडेड जोसेफ को बुलाकर रूस ने हमले की जांच करवाने की मांग की है। साथ ही, यह आश्वासन भी मांगा गया है कि अब दोबारा ऐसी घटना न हो। आरटी के अनुसार, जब टीवी क्रू एक मिलिट्री बेस के पास एक पुल पार कर रहा था, तभी इजरायली वायु सेना के एक जेट ने पत्रकारों की कार पर एक रॉकेट दागा।...