गोरखपुर, अप्रैल 27 -- हरपुर बुदहट, हिन्दुस्तान संवाद। हरपुर बुदहट थाने के सामने स्थित एक बर्तन की दुकान में दिनदहाड़े दोपहर में चोरी का मामला सामने आया है। पीड़ित दुकानदार राकेश कुमार निवासी अनन्तपुर ने दी तहरीर में बताया कि 26 अप्रैल की दोपहर लगभग एक बजे एक अज्ञात महिला उसकी दुकान में घुस गई और करीब 10 किलो पीतल के बर्तन (फूल की थाली) चुरा ले गई। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 12,800 रुपये बताई गई है। बगल की दुकान में लगी सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में महिला दुकान के अंदर जाते हुए दिखाई दे रही है। पीड़ित के अनुसार, करीब छह माह पूर्व भी इसी प्रकार की चोरी की घटना उसके साथ हो चुकी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी महिला की पहचान कर तलाश में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...