मेरठ, मार्च 20 -- दौराला रोड स्थित एक पेट्रोल पम्प पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेल भरवाते समय एक ऑडी कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं, जिससे वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। तुरंत आग पर काबू पाया गया। जिसके चलते बड़ा हादसा टल गया। नगर निवासी नसीम अपनी कार में तेल भरवाने के लिए शुक्रवार दोपहर दौराला रोड स्थित पेट्रोल पम्प पर पहुंचा। इसी दौरान किसी कारणवश कार में आग लग गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों और लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। पेट्रोल पम्प पर उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। घटना के दौरान कुछ समय के लिए हड़कंप की स्थिति बनी रही, लेकिन समय रहते आग बुझा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। यदि आग फैल जाती तो गंभीर नुकसान हो सकता था।

ह...