गिरडीह, मार्च 30 -- डुमरी, प्रतिनिधि। जिप सदस्य बैजनाथ महतो ने डुमरी एसडीएम को पत्र देकर डुमरी सीओ के खिलाफ सीआईडी जांच कराने की मांग की है। साथ ही कहा है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। दिए गए पत्र में जिप सदस्य ने सीओ की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाये हैं और आरोप लगाया है कि अंचल न्यायालय में जमीन संबंधी मामलों का पारदर्शी तरीके से समाधान नहीं कर मामलों को और अधिक विवादित बनाया जा रहा है। अंचल कार्यालय की कार्यप्रणाली के कारण क्षेत्र में भूमि विवाद लगातार बढ़ रहे हैं। पूर्व जिप अध्यक्ष राकेश महतो की जमीन विवाद में हुई हत्या को चिंताजनक बताते हुए साथ ही आशंका जताई कि अंचल कार्यालय द्वारा उनके एक भूखंड को भी विवादित बनाकर निर्णय दिया जा रहा है, जिससे उनकी जान को भी खतरा हो सकता है...