गोरखपुर, अप्रैल 17 -- गोरखपुर, कार्यालय संवाददाता। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में पीएचडी में प्रवेश के लिए साक्षात्कार की प्रक्रिया 20 अप्रैल से शुरू होगी। इसे लेकर कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। कई विषयों में साक्षात्कार की तिथि में बदलाव किया गया है। इसकी जानकारी भी अभ्यर्थियों को दी गई है। प्रवेश प्रकोष्ठ के समन्वयक प्रो. हर्ष सिन्हा ने बताया कि साक्षात्कार के समय अभ्यर्थी अपने सभी मूल प्रमाणपत्रों के साथ एक सेट छायाप्रति भी अनिवार्य रूप से लेकर आएं। शोध पात्रता परीक्षा क्वालीफाई करने वाले अभ्यर्थियों को हाईस्कूल से लेकर परास्नातक स्तर तक के मूल अंकपत्र एवं प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र या विशेष श्रेणी प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), नेट-जेआरएफ प्रमाणपत्र, शोध पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करने का प्रमाणपत्र साथ लाना अनिवार्य होगा...