दुमका, जुलाई 31 -- सरैयाहाट, प्रतिनिधि। झारखंड के दुमका जिले के सरैयाहाट प्रखंड अंतर्गत धौनी गांव स्थित बाबा शुम्भेश्वरनाथ धाम अपनी अनोखी धार्मिक मान्यता, जुड़वां शिवलिंग और प्राकृतिक सौंदर्य के कारण पूरे संताल परगना ही नहीं, बल्कि बिहार, पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। हरी-भरी पहाड़ियों और विशाल जलाशय से घिरा यह प्राचीन मंदिर श्रद्धा, इतिहास और प्रकृति का अद्भुत संगम प्रस्तुत करता है। इस मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता गर्भगृह में स्थापित जुड़वां शिवलिंग है। यहां दो शिवलिंग एक-दूसरे से लंबवत जुड़े हुए हैं, जिसे भक्त दिव्य और दुर्लभ स्वरूप मानते हैं। ऐसी संरचना अन्यत्र बहुत कम देखने को मिलती है। मंदिर परिसर में चंद्रकूप, विशाल तालाब तथा मां पार्वती, मां काली, काल भैरव, बजरंगबली सहित अनेक देवी-द...