समस्तीपुर, अगस्त 27 -- हसनपुर। जम्मू में पुल निर्माण में कार्य कर रहे हसनपुर प्रखंड के गोदह निवासी गौतम कुमार (26) की मौत हो गई। गुरूवार को गौतम का शव गोदह गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ था। बताया जाता है कि गौतम कुमार जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में स्थित दिल्ली-कटरा हाईवे निर्माण कार्य के दौरान निर्माणाधीन पुल पर मजदूरी कार्य में जुटे थे। इस दौरान पुल का स्लैब धंस गया। जिसके चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। घटना 25 अगस्त को घटित होने की बात कही जा रही है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोग मृतक के परिजनों को ढांढस दिलाने में जुटे हैं। गांव का माहौल गमगीन बना हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...