कौशाम्बी, मार्च 31 -- चायल तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत डहिया में मंगलवार सुबह चूल्हे की चिंगारी से एक मजदूर के घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और हजारों रुपये की गृहस्थी जलकर राख हो गई। ग्रामीणों के प्रयास से किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। घटना की सूचना राजस्व विभाग को दे दी गई है। डहिया गांव निवासी सुखलाल साहू मजदूरी कर परिवार का गुजारा करते हैं। मंगलवार सुबह परिवार के अन्य सदस्य गेहूं की कटाई के लिए खेत गए थे। घर पर मौजूद बहू गुड्डी देवी चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी ने छप्पर को आगोश में ले लिया। कुछ ही देर में आग पूरे घर में फैल गई और लपटें तेज हो उठीं। घबराई गुड्डी देवी घर से बाहर निकलकर शोर मचाने लगी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रया...