फतेहपुर, जून 18 -- बहुआ। ललौली थाना क्षेत्र के उरौली गांव में गुरुवार शाम घर के बाहर खेल रही चार वर्षीय मासूम बच्ची की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। उरौली गांव निवासी सुशील वाल्मीकि ने बताया कि उनकी चार वर्षीय पुत्री पायल शाम करीब छह बजे घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान ललौली की ओर से मोरंग लेने जा रहा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजर रहा था। बेटी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गई। ट्रैक्टर का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी प्रमोद राव ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाश...