आरा, मार्च 31 -- गड़हनी, एक संवाददाता। भोजपुर के गड़हनी बाजार में मंगलवार को पूरी तरह लॉकडाउन जैसी स्थिति बनी रही। कारण किसी बंद का आह्वान नहीं, बल्कि सेल टैक्स (राज्य कर) विभाग की छापेमारी की आशंका से दहशत थी। इस सूचना से व्यापारियों में खलबली मच गई और देखते ही देखते मुख्य बाजार की दुकानों के शटर धड़ाधड़ बंद हो गये। दिनभर बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और लाखों रुपये का व्यवसाय ठप हो गया। सुबह बाजार खुलने के कुछ ही देर बाद जैसे ही टीम के आने की चर्चा फैली, गड़हनी के मुख्य मार्गों पर सन्नाटा छा गया। किराना, कपड़ा, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक और मिठाई की बड़ी दुकानों के शटर नहीं उठे। दूरदराज के गांवों से खरीदारी करने आये आम लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा। आवश्यक दवाओं के लिए भी लोग भटकते नजर आए। चाय दुकानों और चौक-चौराहों पर व्यापारियों के बीच विभाग की ...