नोएडा, दिसम्बर 16 -- ग्रेटर नोएडा, संवाददाता। सेक्टर स्वर्ण नगरी में घर के बराबर में बनी ग्रीन बेल्ट की चारदीवारी को क्षतिग्रस्त करने और पेड़ काटने पर एक महिला समेत दो के खिलाफ कासना थाने में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक (उद्यान) हरेंद्र सिंह ने पुलिस से शिकायत की कि सोशल मीडिया पर एक वायरल वीडियो की जांच में पता चला कि सेक्टर स्वर्ण नगरी के ब्लॉक बी स्थित मकान नंबर-138 के बराबर में ग्रीन बेल्ट है। मकान में रहने वाले श्री निवास नागर और मधु नागर ने करीब दो मीटर चारदीवारी क्षतिग्रस्त कर पेड़ों को नुकसान पहुंचाया। आशंका है कि कब्जा करने की नीयत से ग्रीन बेल्ट को क्षतिग्रस्त किया गया। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि प्रबंधन की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हि...