आगरा, फरवरी 4 -- अधिवक्ता और उसके बुजुर्ग पिता से अभद्रता, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के मामले में अदालत ने उपनिरीक्षक समेत 2 अन्य को तलब किया है। विशेष मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अचल प्रताप सिंह ने आरोपितों को 20 फरवरी को न्यायालय में हाजिर होने का आदेश दिया। अधिवक्ता कृपाल सिंह वर्मा निवासी ताजगंज ने अदालत में परिवाद दायर किया। आरोप है कि 26 जून 2020 को थाना ताजगंज के तत्कालीन उपनिरीक्षक नीतेश कुमार अन्य पुलिसकर्मियों के साथ उनके घर आए। बताया गया कि ताजमहल की 500 मीटर परिधि में निर्माण को लेकर शिकायत है। निरीक्षण के दौरान अभद्रता की गई। वीडियो बनाने पर मोबाइल छीना गया। आरोपितों द्वारा धमकी देने की बात कही गई। अदालत ने संज्ञान लेकर तलब करने के आदेश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...