बांका, मार्च 21 -- कटोरिया (बांका), निज प्रतिनिधि। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बाद एलपीजी गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से आम लोगों की रसोई व्यवस्था पर सीधा असर पड़ा है। कटोरिया प्रखंड सहित आसपास के क्षेत्र में भी गैस किल्लत के कारण लोगों की दिनचर्या बदलती नजर आ रही है। ग्रामीण इलाकों में जहां पहले हर घर में गैस चूल्हा प्रमुख माध्यम बन चुका था, वहीं अब लोग फिर से मिट्टी के चूल्हे, लकड़ी और गोइठा का सहारा लेने लगे हैं। कई घरों में गैस खत्म होने के बाद नया सिलेंडर मिलने में देरी हो रही है, जिससे मजबूरी में पारंपरिक तरीके अपनाए जा रहे हैं। जिन परिवारों के पास गैस उपलब्ध भी है, वे भी भविष्य की अनिश्चित स्थिति को देखते हुए कम उपयोग और बचत पर जोर दे रहे हैं। लोग जरूरत पड़ने पर ही गैस जला रहे हैं और सामान्य भोजन के लिए जलावन का उपयोग कर रहे हैं। ...