गोरखपुर, मई 14 -- बांसगांव, हिन्दुस्तान संवाद। मजदूरी कर साइकिल से घर लौट रहे मजदूर के साथ बांसगांव में दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क किनारे गड्ढे में गिरने से पत्थर से निकली सरिया उसके गाल में घुस गई। गंभीर हालत में राहगीर उसे सीएचसी ले गए जहां से बीआरडी मेडिकल कालेज के नेहरु अस्पताल भेज दिया गया। बांसगांव क्षेत्र के बही दाढ़ी गांव निवासी राम किशुन यादव बुधवार शाम मजदूरी कर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। गांव के पास पहुंचने पर अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे। गड्ढे में पड़े पत्थर से निकली लोहे की सरिया उनके दाएं गाल में घुस गई। आसपास से गुजर रहे लोगों ने किसी तरह सरिया बाहर निकाला। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़...