हल्द्वानी, अगस्त 13 -- कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बीते 8 अगस्त को उत्तराखंड के नैनीताल जनपद स्थित हल्द्वानी के प्रसिद्ध रामलीला मैदान में रैली की थी। इसी मैदान में अब शुद्धिकरण यज्ञ को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। कांग्रेस पार्टी ने इसे खरगे के दलित होने से जोड़ते हुए भाजपा सरकार पर दलित विरोधी होने के आरोप लगाए हैं। उधर, भाजपा ने यज्ञ करने वाली संस्था से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि पार्टी का इससे कोई लेना-देना नहीं, यह एक निजी संगठन का कार्यक्रम था। रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद किए गए 'शुद्धीकरण' को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर हमला बोला है। कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष इन्द्रपाल आर्य के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बुधवार को बुद्ध पार्क में भ...