रुद्रपुर, सितम्बर 17 -- खटीमा, संवाददाता। ऊंची महुवट में खेत में घास काटने गई महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। महिला के शरीर के नीला पड़ने के कारण परिजनों ने सांप के काटने की आशंका जताई है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस ने बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेज दिया है। ऊंची महुवट निवासी अमित थापा की पत्नी 28 वर्षीय मंजू थापा मंगलवार शाम खेत में घास काटने गई थीं। वहां उनके शरीर के निचले हिस्से में अचानक दर्द होने लगा। वह घर लौट आईं और दर्द बढ़ने पर पास की दुकान से दवा ली, लेकिन आराम नहीं मिला। बुधवार को परिजन उन्हें खटीमा के एक निजी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर लौट आए। मंजू का शरीर नीला पड़ चुका था...