प्रयागराज, फरवरी 16 -- इलाहाबाद के सांसद उज्जवल रमण सिंह ने उत्तर प्रदेश में निवास करने वाली कोल आदिवासी जाति के उत्थान के लिए केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम से नई दिल्ली में मुलाकात की। उन्होंने एक पत्र दिया, जिसमें कोल जाति को उत्तर प्रदेश में भी अनुसूचित जनजाति (एसटी) की श्रेणी में शामिल करने की वकालत की। सांसद प्रतिनिधि विनय कुशवाहा ने बताया कि सांसद ने पत्र में कहा कि जहां ओडिशा, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में कोल जाति को अनुसूचित जनजाति का दर्जा प्राप्त है, वहीं उत्तर प्रदेश में इन्हें अनुसूचित जाति (एससी) की श्रेणी में रखा गया है। प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली, बांदा और चित्रकूट जैसे जिलों में निवास करने वाली लगभग 15 लाख की यह आबादी आज भी विकास की मुख्यधारा से कोसों दूर है। उत्...