दरभंगा, अगस्त 11 -- महेश कानोडिया,कुशेश्वरस्थान पूर्वी। मिथिला के बाबाधाम कुशेश्वरस्थान में सावन की दूसरी सोमवारी को कुशेश्वरनाथ महादेव की एक लाख से अधिक शिवभक्तों ने जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। रविवार की देर रात से ही श्रद्धालु शिवगंगा घाट में स्नान कर गजेन्द्र नारायण सिंह धर्मशाला में बनाई गई घुमावदार बैरिकेडिंग में कतारबद्ध होकर मंदिर का पट खुलने का इंतज़ार करते रहे। इस दौरान हर-हर महादेव, बोल बम और कुशेश्वरनाथ की जय के जयघोष से पूरा मंदिर क्षेत्र भक्तिमय बना था। भक्तों की भीड़ को देखते हुए अलसुबह की मंगल पूजा व आरती संपन्न करने के बाद रात करीब दो बजे आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर परिसर का प्रवेश द्वार खोल दिया गया। श्रद्धालुओं ने चंद्रकूप से पवित्र जल लेकर अरघा के माध्यम से जल, बेलपत्र, पुष्प, अक्षत एवं चंदन अर्पित कर कुशेश्वर नाथ का जल...