जमशेदपुर, मई 28 -- टाटा मोटर्स कान्वाई चालकों ने लंबित वेतन समझौते को लेकर सोमवार से चेसिस बुकिंग बंद कर दी। पूर्व घोषणा के अनुसार मंगलवार 26 मई को भी बुकिंग पूरी तरह ठप रही। प्रबंधन की ओर से 26 मई तक मांगें पूरी करने का लिखित आश्वासन दिया गया था, लेकिन वह पूरा नहीं हो सका। कई दौर की वार्ताओं के बावजूद वेतन वृद्धि पर सहमति नहीं बन पाई। आल इंडिया कान्वाई वर्कर्स यूनियन के महामंत्री जय नारायण सिंह उर्फ साधु सिंह ने बताया कि चालक अपनी मांगों को लेकर दृढ़ हैं। अब गुरुवार को प्रबंधन के साथ अगली वार्ता होगी। समझौता होने के बाद ही चेसिस बुकिंग शुरू होगी। सोमवार को 866 चेसिस यार्ड में खड़ी रहीं, जिनकी बुकिंग नहीं हो सकी। कान्वाई चालक पिछले 14 महीनों से लंबित वेतन समझौते के लिए आंदोलनरत हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्व...