दरभंगा, मई 12 -- संजय लाला,दरभंगा। केवटी थाना क्षेत्र के टिकरीपट्टी में बिजली का काम करने के दौरान करंट लगने से एक युवक की स्थिति गंभीर हो गई। आनन-फानन में उसे इलाज के लिए केवटी पीएचसी पहुंचाया गया। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। डीएमसीएच के इमरजेंसी विभाग में जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक केवटी थाना क्षेत्र के पैगंबरपुर निवासी बैद्यनाथ भगत का पुत्र निशु कुमार (19) बताया जाता है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के चचेरे भाई राजेश कुमार ने बताया कि निशु प्राइवेट बिजली मिस्त्री के रूप में काम करता था। उसके साथ क्या हादसा हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। बताया गया कि बिजली का काम करने के दौरान करंट लगने से उसकी स्थिति नाजुक हो गई। बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंद...