इटावा औरैया, अगस्त 30 -- इकदिल। नेशनल हाईवे पर पिलखर के पास रविवार तड़के तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार वृद्ध महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग गया। बकेवर के आदर्श नगर निवासी रूपा पत्नी भगवान दास, संजू शर्मा तथा इकदिल के मोहल्ला कुम्हारन निवासी संजू रविवार सुबह करीब पांच बजे ऑटो से इटावा जा रहे थे। पिलखर के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर से ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीनों लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने ट्रक की तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...