लखीमपुरखीरी, अप्रैल 9 -- गुरुवार सुबह एसएसबी तृतीय वाहिनी रघुनगर के ई समवाय कैंप के जवानों ने आवारा कुत्तों के हमले से जख्मी एक हिरन को बचाया। सुबह करीब सवा छह बजे जंगल से बाहर निकले हिरन को आवारा कुत्तों ने दौड़ाकर नोचना शुरू कर दिया। कुत्तों के हमले से जख्मी और परेशान हिरन जान बचाने को इधर-उधर भाग रहा था। तभी एसएसबी जवानों ने कुत्तों के झुंड को भगाकर हिरन की जान बचाई। इसके बाद घायल हिरन की मरहम-पट्टी करके वन विभाग को सूचना दी। वनकर्मी घायल हिरन को बेलरायां रेंज लाए। वहां डाक्टरों की जांच के बाद रेंजर भूपेंद्र सिंह ने उसे दुधवा नेशनल पार्क में छुड़वा दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...