रामगढ़, मार्च 21 -- रामगढ़, निज प्रतिनिधि। पवित्र रमज़ान माह की समाप्ति के बाद शनिवार को रामगढ़ शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही ईद की खुशियां लोगों के चेहरे पर झलक रही थीं। शहर के विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों-नईसराय ईदगाह, गोलपार, एकरा मस्जिद, सौदागर मुहल्ला, दुसाध मुहल्ला और न्यू बस पड़ाव-में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एकत्र होकर ईद की नमाज़ अदा की। सुबह निर्धारित समय पर ईद की नमाज़ अदा की गई, जहां इमामों ने लोगों को आपसी प्रेम, भाईचारा और शांति बनाए रखने का संदेश दिया। नमाज़ के बाद सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी।इस दौरान बच्चों और युवाओं में खास उत्साह देखने को मिला। नए कपड़े पहनकर लोग ईदगाह पहुंचे और पूरे उत्साह के साथ त्योहार मनाया...