इटावा औरैया, मार्च 19 -- कस्बा स्थित रेलवे स्टेशन पर बुधवार देर रात तीन दिन से लापता एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में तड़पती हुई मिली। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। रात करीब साढ़े नौ बजे भरथना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर एक महिला दर्द से कराहती हुई तड़प रही थी। उसे इस हालत में देखकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने महिला की बिगड़ती हालत को देखते हुए एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में महिला ने दम तोड़ दिया।...