फतेहपुर, मार्च 31 -- चौडगरा। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के मुरादीपुर गांव में सोमवार देर रात शार्ट सर्किट से लगी आग ने एक मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग भूतल पर स्थित आटो पार्ट्स की दुकान में लगी, जिससे पूरा घर धुएं से भर गया। उस समय मकान मालिक बाहर थे, जबकि उनकी पत्नी पुष्पा देवी अपने तीन बच्चों के साथ घर में मौजूद थीं। धुएं और मुख्य द्वार बंद होने के कारण सभी लोग तीसरी मंजिल की छत पर फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीओ बिंदकी गौरव शर्मा कल्यानपुर पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सीढ़ी के सहारे छत तक पहुंचकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला और आग पर काबू पाया। समय रहते की गई कार्रवाई से कोई जनहानि नहीं हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...