चंदौली, जुलाई 6 -- पीडीडीयू नगर, संवाददाता। अषाढ़ माह शुरू हो चुका है, लेकिन जिले में मानसून अभी सक्रिय नहीं हुआ है। बारिश न होने से किसान परेशान हैं। खेतों में नमी न होने के कारण धान की रोपाई ठप है। कई जगह खेत सूखे पड़े हैं, तो जिनके पास निजी संसाधन हैं वे महंगी सिंचाई कर किसी तरह रोपाई कर रहे हैं। भीषण गर्मी और उमस ने आम लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं। सामान्यतः अषाढ़ के शुरुआती दिनों में जिले में धान की रोपाई तेज गति से शुरू हो जाती है। लेकिन इस बार बारिश की कमी से कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जिन किसानों के पास बोरिंग, ट्यूबवेल या सबमर्सिबल है वे ही खेतों में पानी भरकर रोपाई करा पा रहे हैं। छोटे और सीमांत किसान अभी भी बारिश का इंतजार कर रहे हैं। बारिश न होने से मिट्टी में नमी नहीं बन पा रही। इससे धान की नर्सरी भी प्रभावित हुई है...